Last modified on 23 जनवरी 2020, at 20:22

हम जब होंगे बड़े / बालस्वरूप राही

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:22, 23 जनवरी 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बालस्वरूप राही |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हम जब होंगे बड़े, देखना
ऐसा नहीं रहेगा देश।

अब भी कुछ लोगों के दिल में
नफरत अधिक प्यार है कम,
हम जब होंगे बड़े, घृणा का
नाम मिटा कर लेंगे दम।

हिंसा के विषमय प्रवाह में
कब तक और बहेगा देश ?

भ्रष्टाचार, जमाखोरी की
आदत बड़ी पुरानी है,
ये कुरीतियाँ मिटा हमें तो
नई चेतना लानी है।

एक घरौंदे जैसा आखिर
कितना और ढहेगा देश ?

इस की बागडोर हाथों में
जरा हमारे आने दो,
पाँव हमारे थोड़े-से बस,
जीवन में टिक जाने दो।

हम खाते है शपथ, दुर्दशा
कोई नहीं सहेगा देश।

हम भारत का झंडा हिमगिरि
से ऊँचा फहरा देंगे,
रेगिस्तान बंजरों तक में
हरियाली लहरा देंगे।

घोर अभावों की ज्वाला में
बिल्कुल नहीं दहेगा देश।