भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जल-वृष्टि / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
198.190.230.62 (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 00:20, 29 अगस्त 2008 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेन्द्र भटनागर |संग्रह= अंतराल / महेन्द्र भटनागर }} <poem> ...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


पानी बरसा, पानी बरसा !

देख रहे थे आसमान को
जब प्यासी आँखों से जन-जन,
सिर पर ज्वाला का बोझ लिए
जब साँसें भरते थे तरु-गण,
शांत हुए, जैसे ही टप-टप
पानी बरसा, पानी बरसा !

लरज-लरज कर बिजली चमकी
घुमड़-घुमड़ कर गरजे नव-घन,
भीग गया रे दूर क्षितिज तक
नंगी शुष्क धरा का कण-कण
जगती को नव-जीवन देने
पानी बरसा, पानी बरसा !

इस जल में नूतन जग की
रचना का सफल प्रयास छिपा;
इस जल में त्रास्त मनुजता का
सुन्दर निश्छल मधु-हास छिपा,
नवयुग का नव-संदेश लिए
पानी बरसा, पानी बरसा !
1947