Last modified on 1 जुलाई 2020, at 14:11

मन पर कैसे कोई काबू पाये / कमलेश द्विवेदी

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:11, 1 जुलाई 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कमलेश द्विवेदी |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सोच रहा हूँ-मन पर कैसे कोई काबू पाये।
मन तो अपनी चंचलता से हरगिज़ बाज़ न आये।

मन चंचल तो होता है पर
ग़लत नहीं कह सकता।
मन के मन में सच रहता है
झूठ नहीं रह सकता।
इसीलिए मन हरदम हमको सच्ची राह दिखाये।
सोच रहा हूँ-मन पर कैसे कोई काबू पाये।

क्या अच्छा है और बुरा क्या
अपने मन से जानें।
मन का जो भी निर्णय हो हम
उसको मन से मानें।
मन की माने तो फिर कोई कभी नहीं भरमाये।
सोच रहा हूँ-मन पर कैसे कोई काबू पाये।

सच पूछो तो मन होता है
जैसे कोई बच्चा।
वो चंचल तो होता है पर
होता बिलकुल सच्चा।
क्या बच्चे पर काबू पाना भी कोई समझाये।
सोच रहा हूँ-मन पर कैसे कोई काबू पाये।