भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
दरवाजे - 5 / राजेन्द्र उपाध्याय
Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:29, 22 अगस्त 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राजेन्द्र उपाध्याय |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
मकानों से भी महंगें उनके दरवाजे होते हैं
कोई उन्हें खोलने से भी डरता है।
लकड़ी के, लोहे के, शीशे के, नक्काशीदार होते हैं दरवाजे
चांदी के सोने के भी होते हैं।
भगवान के दरबार के भी महंगें होते हैं दरवाजे
कपाट बंद होते हैं जब भगवान सोते हैं।
बंद दरवाजों में होती हैं मंत्रणाएँ
लिखी जाती हैं राजाज्ञाएँ
फिर उनको प्रसारित किया जाता है
भोंपू बजा बजाकर।
ऐसा तो यह संसार है
जिसका एक दरवाज़ा स्वर्ग में खुलता है
तो एक नर्क में
एक पाताल में तो एक सातवें आसमान में।
कोई कोई दरवाज़ा नदी की ओर खुलता है
तो कोई समुद्र की ओर भी
कोई मस्जिद की ओर तो कोई मंदिर की ओर।