भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
नन्हीं जी की रोटी / प्रभुदयाल श्रीवास्तव
Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:06, 6 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रभुदयाल श्रीवास्तव |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।
आज हमारी नन्हीं जी ने,
रोटी सुन्दर गोल बनाई।
कई दिनों से सीख रही थी,
रोटी गोल बनेगी कैसे।
बन जाता आकार चीन सा,
कभी बना रशिया के जैसे।
बहुत दिनों के बाद अधूरी,
साध आज पूरी हो पाई।
हँसा गैस का चूल्हा, काला,
गूँगा, गोल तवा मुस्काया।
पटा और बेलन ने उससे,
हलो कहा और हाथ मिलाया।
भौंचक भोजन घर ने उसका,
स्वागत किया, गीतिका गाई।
ख़ुशी ख़ुशी से उस रोटी के,
माँ ने हिस्से पांच बनाये।
दादा, दादी, पापा, खुद ने,
नन्हीं जी ने मिलकर खाये।
फर्श, दीवारों छत ने भी दी,
नन्हीं को भरपूर बधाई।