Last modified on 7 सितम्बर 2020, at 00:05

मौसम की ये कारस्तानी / शार्दुला नोगजा

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:05, 7 सितम्बर 2020 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

वन में आग लगा कर चंचल
टेसू मन ही मन मुस्काता
कब आओगे दमकल ले कर
रंग-बिरंगे फागुन दादा?

कोयल फिर सुर की कक्षा के
अभ्यासों में जुटी हुई है
और मेघ की नटखट टोली
कर के मंत्रणा घुटी हुई है!

एक बूंद भी नहीं बरसती
देख हँसी दूब को आयी
होता है हर साल यही तो
कह मेंढक ने ली जंभाई।

बालक सा मन पढ़ने लगता
पंचतंत्र की कथा पुरानी
नया साल फिर ले आया है
बातें सब जानी पहचानी।

दुनियावी सवाल सुलझाते
याद हमें आ जाती नानी
पर मन को शीतल कर जाती
मौसम की ये कारस्तानी!