Last modified on 14 सितम्बर 2020, at 23:42

नजर लगे ना / सुरेश विमल

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:42, 14 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश विमल |अनुवादक= |संग्रह=कहाँ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

नजर लगे ना फूलों को माँ
इन्हें लगा दो ज़रा डिठौना।

हंसते हैं जो गेंदे तो माँ
लगते हैं सचमुच सोना
और गुलाबों का कहना क्या
महकाते कोना कोना।

सजा हुआ नन्हे फूलों से
लगे मोगरा बड़ा सलौना।

खिले चमेली औ जूही तो
मचले हाथ बनाने माला
लेकिन पास ना आने देता
भन भन करता भौंरा काला।

बना लिया है मधुमक्खी ने
छत्ता अपना रस का दौना।

दादी माँ ने ठाकुर जी की
पूजा को कुछ फूल मंगाए
समझ न आता किन्हें छोड़ दें
किन फूलों को तोड़ा जाए।

अपनी अपनी टहनी का है
सचमुच हर एक फूल खिलौना।