Last modified on 28 सितम्बर 2020, at 19:05

अन्दर ही अन्दर / कुमार कृष्ण

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:05, 28 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार कृष्ण |अनुवादक= |संग्रह=उम्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

क्या तुमने सोचा है कभी-
शब्द में कहाँ छुपी होती है कविता
कहाँ छुपे होते हैं मनुष्य
कहाँ छुपा होता है महाकाव्य
कहाँ छुपी होती हैं कहानियाँ
कहाँ छुपे होते हैं तारों में राग
कहाँ छुपी होती है लोहे में आग

क्या तुमने सोचा है कभी-
कहाँ छुपा होता है फूलों में लिबास
घंटी में विश्वास
बांसुरी में गीत
आंखों में प्रीत
चाकू में डर
मिट्टी में घर
आखिर कहाँ छुपे होते हैं ये सब

छुपा होता है सभी कुछ अन्दर ही अन्दर
जैसे छुपे होते हैं सपनें
छुपी होती है उम्मीद
छुपा होता है विश्वास
छुपी होती है मरते समय भी
प्राणों में जीने की आस।