Last modified on 4 अक्टूबर 2020, at 23:30

मैंने एक बनाई चिड़िया / प्रकाश मनु

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:30, 4 अक्टूबर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रकाश मनु |अनुवादक= |संग्रह=प्रक...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मैंने एक बनाई चिड़िया
नन्हे-से उसके पर,
फिर चिड़िया का एक बनाया
अलबेला, प्यारा घर।

वह घर पत्तों का घर था जी
हरा-भरा-सा सुंदर,
उसमें सुख झरता रहता था
झर-झर, झर-झर, झर-झर।

चिड़िया-चिड़ा और दो बच्चे
छोटा-सा संसार,
वहाँ फूटते गीत हवा के
वहाँ छलकता प्यार।

छोटे-से घर में थीं इतनी
ढेर-ढेर-सी खुशियाँ,
खिल-खिल पेड़ हँसा करता था
पुलकित सारी दुनिया।

सोच रहा हूँ, पंख खोलकर
अगर उड़ें ये बच्चे,
चिड़िया कितनी खुश होगी तब
खुश होंगे ये बच्चे।

गाएँगे वे गीत, अजब-सी
होगी जिनकी भाषा,
चित्र बनाऊँगा तब मैं भी
बिल्कुल नया-नया-सा।