भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जागरण-गीत / रामगोपाल 'रुद्र'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:36, 4 नवम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामगोपाल 'रुद्र' |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

दिन-दिन आता समीप जागरण!

पर्वत वन हैं, तो क्या?
घुमड़े घन हैं, तो क्या?
उन्मन मन है, तो क्या?
बढ़ते जाओ, पंथी, पंथ पर धर धीर चरण।

तुमने झोंके झेले,
तूफानों में खेले,
पर्वत पग से ठेले;
मर्दित देखो अपनी पद-रज में भीत मरण।

जीवन क्या, जो न चढ़ा?
यौवन क्या, जो न बढ़ा?
वह स्वर क्या, जो न कढ़ा?
निर्झर-गति-प्रखर शिखर-शिखर करो नित्य तरण।

कुछ न मिला, कुछ न खिला,
पाई बस शैल-शिला,
तन-मन कुछ और छिला;
पर व्रण तो, धीर, अमर वीरों के आभूषण।

चाहे थक जाए पथ,
पर न रुके पौरुष-रथ,
शोणित-श्रम से लथपथ
बढ़े चलो, बढ़े चलो, निर्भय, हे अमर-वरण!