Last modified on 3 अक्टूबर 2008, at 21:52

रोज़ तूफान आकर डराते रहे/ जहीर कुरैशी

द्विजेन्द्र द्विज (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 21:52, 3 अक्टूबर 2008 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=जहीर कुरैशी |संग्रह= भीड़ में सबसे अलग / जहीर कुर...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रोज तूफान आकर डराते रहे
फिर भी, पंछी उड़ानों पे जाते रहे

एक पागल नदी के बहाने सही
हिमशिखर के भी सागर से नाते रहे

लोग सो कर भी सोते नहीं आजकल,
रात सपनों में जग कर बिताते रहे

मन से दोनों निकट आ न पाए कभी
रोज तन से जो नजदीक आते रहे

वे जो चुपचाप गुस्से को पीते रहे
मुठ्ठियाँ भींचकर कसमसाते रहे

झूठ, सच की तरह बोलने का हमें
राजनीतिज्ञ जादू सिखाते रहे

अंतत: देह उसकी सड़क बन गई
लोग आते रहे, लोग जाते रहे !