Last modified on 1 दिसम्बर 2021, at 23:52

दिवाली के दीपक / सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश'

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:52, 1 दिसम्बर 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश' |अनुवाद...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

पतझर को मधुमास बनाते दीवाली के दीपक।
दंश रूदन को हास बनाते दीवाली के दीपक।

ज्योति-पर्व सोल्लास विश्वविजयी-सा मुस्काता है-
धरती को आकाश बनाते दीवाली के दीपक।

पुनर्जागरण से अपनापन हर्षित-उत्कर्षित है,
गैरों को भी खास बनाते दीवाली के दीपक।

बिखराते आलोक लोक जगमग-जगमग होता है,
अंधियारों को दास बनाते दीवाली के दीपक।

कहीं रंच भी प्राणवन्त तम नहीं दिखायी देता,
इतना प्रबल प्रकाश बनाते दीवाली के दीपक।

चारों ओर उजालों के अम्बर लगे हैं, फिर भी-
तुम बिन मुझे उदास बनाते दीवाली के दीपक।