Last modified on 20 अप्रैल 2022, at 07:15

सुनो! मंत्रमुग्ध मीत मेरे / कविता भट्ट

वीरबाला (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:15, 20 अप्रैल 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कविता भट्ट |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKav...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सुनो! मंत्रमुग्ध मीत मेरे;
आज शिखर पर खड़े होकर
झाँकने का मन है-
अश्रुताल के शान्त जल की
असीम गहनता युक्त तलहटी में
जिसके रसातल में
समाधि बना दी गई
मेरे हृदय की खनकती हँसी की
और उसको सजाया गया
गहन वेदना के पुष्पगुच्छों से।
किसी भी तथाकथित सम्बन्ध की
उस मरुथल हुई भूमि पर
न तो उद्गम होता है,
संवेदनाओं की किसी नदी का
न ही झरने बहते हैं
भावों के कल-कल गुनगुनाते
फिर भी न जाने क्यों
विचरती हूँ - प्रायः
स्मृतियों की पैंजनियाँ पहनकर
बजाती हूँ तर्कों के घुँघरू
रचती हूँ आदर्शों के गीत
खोजती हूँ अब भी
कुछ सपने; जिनमें -
नदियों का शांत स्वर है
झरनों का संगीत है।
मरुथल में ऐसे सपने
अपराध तो नहीं;
किन्तु भूल तो अवश्य है।
अब भी मोहपाश नामक साथी ने
मेरी उँगली छोड़ी नहीं।
और मैं...उसकी चिरसंगिनी बन
न जाने क्यों?
विचरती हूँ -
स्मृतियों की पैंजनियाँ पहनकर।
सुनो! मंत्रमुग्ध मीत मेरे...