Last modified on 10 नवम्बर 2008, at 20:09

हम हैं ताना-हम हैं बाना / उदय प्रकाश

Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:09, 10 नवम्बर 2008 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=उदयप्रकाश }} हम हैं ताना, हम हैं बाना । हमीं चदरि...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हम हैं ताना, हम हैं बाना ।

हमीं चदरिया, हमीं जुलाहा, हमीं गजी, हम थाना


नाद हमीं, अनुनाद हमीं, निःशब्द हमी गंभीरा,

अंधकार हम, चाँद सूरज हम, हम कान्हा हम मीरा ।

हमीं अकेले, हमी दुकेले, हम चुग्गा, हम दाना ।।

मंदिर-महजिद, हम गुरुद्वारा, हम मठ, हम बैरागी

हमीं पुजारी, हमीं देवता, हम कीर्तन, हम रागी ।

आखत-रोली, अलख-भमूती, रूप धरे हम नाना ।।

मूल-फूल हम, रुत बादल हम, हम माटी, हम पानी

हमीं जहूदी-शेख-बरहमन, हरिजन हम ख्रिस्तानी ।

पीर-अघोरी, सिद्ध-ओलिया, हमी पेट, हम खाना ।।

नाम-पता, ना ठौर-ठिकाना, जात-धरम ना कोई

मुलक-ख़लक, राजा-परजा हम, हम बेलन, हम लोई ।

हमही दुलहा, हमीं बराता, हम फूँका, हम छाना ।।