भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आपका कवि / विष्णु नागर

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:39, 25 जुलाई 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=विष्णु नागर |संग्रह=संसार बदल जाएगा / विष्णु नाग...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भाइयो, बहनो
कवि
इस समय रोटी खा रहा है
और भाइयो, बहनो
आज खाना अच्छा बना है
तो
भाइयो, बहनो
कवि के इस दिन का
यह अच्छा अंत हो रहा है

मगर
भाइयो, बहनो
अब मैं यह कहने नहीं जा रहा
कि यह कवि अब गया काम से
यह कवि
आज खाने से इतना ख़ुश है
कि पान खाने
और सिगरेट पीने की भी सोच रहा है
और बहुत मुमकिन है भाइयो
आज वह कविता भी लिखे

भरोसा रखिये
कवि पर, भाइयो
आज वह अपनी खटिया पर
बच्चे को सुलाने से भी मना नहीं करेगा।