भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जीवन भूल का इतिहास / हरिवंशराय बच्चन

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:02, 29 सितम्बर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=हरिवंशराय बच्चन |संग्रह=एकांत-संगीत / हरिवंशरा...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जीवन भूल का इतिहास!

ठीक ही पथ को समझकर,
मैं रहा चलता उमर भर,
किंतु पग-पग पर बिछा था भूल का छल पाश!
जीवन भूल का इतिहास!

काटतीं भूलें प्रतिक्षण,
कह उन्हें हल्का करूँ मन,-
कर गया पर शीघ्रता में शत्रु पर विश्वास!
जीवन भूल का इतिहास!

भूल क्यों अपनी कही थी,
भूल क्या यह भी नहीं थी,
अब सहो विश्वासघाती विश्व का उपहास!
जीवन भूल का इतिहास!