Last modified on 29 अक्टूबर 2009, at 07:47

विदा के समय / सियाराम शरण गुप्त

Rajeevnhpc102 (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:47, 29 अक्टूबर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सियाराम शरण गुप्त |संग्रह= }} {{KKCatKavita‎}}<poem>जाता हूँ ज…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

जाता हूँ जाने दो मुझको,
हूँ मैं सरित - प्रवाह;
जाकर फिर फिर आ जाने की
मेरे मन में चाह!

बन्धु बाँध रक्खो मत मुझको,
मैं मलयानिल मुक्त;
जा कर ही फिर लौट सकूंगा
नव-नूतन मधु युक्त।

गृह कपोत हूँ मैं, उड़ने दो
मुझको पंख पसार;
नहीं हर सकेगा अनंत भी
मेरे घर का प्यार।

चिंता की क्या बात सखे, यदि
हूँ मैं पूरा वर्ष;
लौट पडूँगा क्षण में ही मैं
ले नूतन का हर्ष।