Last modified on 4 नवम्बर 2009, at 21:50

देह का संगीत / अनूप अशेष

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:50, 4 नवम्बर 2009 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आज पूरी देह का संगीत
हिलती डाल पर
छूटते है क्षण हवा के
ज्यों किसी रूमाल पर

भौंह आँखें बाँह नाभि
तक रचीं -
कत्थक अदाएँ
बाण फूलों के लिए
उतरीं सुरों की अपसराएँ

फँस गई ऋतुएँ कुँवारी
केश खोले जाल पर

फूटते हैं उँगलियों में
गंध के सोते
साँझ की यह बाँसुरी ले
उर्वशी!
हम पुरुरवा
तेरे लिए होते

बाँधते मन बोल मीठे
अप्सरा के ताल पर।