भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अनचहा / संतरण / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:50, 30 दिसम्बर 2009 का अवतरण (अनचहा (संतरण) / महेन्द्र भटनागर का नाम बदलकर अनचहा / संतरण / महेन्द्र भटनागर कर दिया गया है)

यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

केसर-सी मधु-गंधि
कुमारी अभिलाषाएँ,
अन्तरतम में संचित
युगों सहेजी आशाएँ
परित्यक्ता हैं !

निर्मल भोली
लगता था: मेरी हो लीं !
नेह भरी दिन भर डोलीं,
यामा में
मदहोश गुलाबी आँखें खोलीं !
रजनी-हासा
रजनी-गंधा
परित्यक्ता हैं,
आज सभी परित्यक्ता हैं !

ओ रजनी-हासा !
प्यासा.... प्यासा !
चिर साधों के उत्सव
आगत नव जीवन के
स्वागत-पर्व
सभी
गर्भ-क्षय-से पीड़क,
हीरक सपनों की रातें,
मधुजा-सी बातें
परित्यक्ता हैं !

मौन
मन-मैना,
बरसे नैना !

मधु-माधव बीत गया,
ओ ! मधुपायी
मधुरस रीत गया !