Last modified on 8 नवम्बर 2010, at 20:50

आज पहली बात / भारत भूषण

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:50, 8 नवम्बर 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: <poem> आज पहली बात पहली रात साथी चांदनी ओढ़े धरा सोई हुई है श्याम अलको…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आज पहली बात पहली रात साथी

चांदनी ओढ़े धरा सोई हुई है
श्याम अलकों में किरण खोई हुई है
प्यार से भीगा प्रकृति का गात साथी
आज पहली बात पहली रात साथी

मौन सर में कंज की आँखें मुंदी हैं
गोद में प्रिय भृंग हैं बाहें बंधी हैं
दूर है सूरज, सुदूर प्रभात साथी
आज पहली बात पहली रात साथी

आज तुम भी लाज के बंधन मिटाओ
खुद किसी के हो चलो अपना बनाओ
है यही जीवन, नहीं अपघात साथी
आज पहली बात पहली रात साथी