Last modified on 6 दिसम्बर 2010, at 22:12

इतिहास की गवाही लेने के लिए / विम्मी सदारंगाणी

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:12, 6 दिसम्बर 2010 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)


मैंने पहली बार
शायद अपने जन्म के चौदह साल बाद
सुना था
पत्थरों और टूटी दीवारों के शहर के बारे में।
 
सुना है
हमारे पूर्वजों का घर था वहाँ।

मेरी दादी बातें बताती रहतीं थीं
अपनी दादी से सुनी हुई
कभी कभी कोई कहानी
उस शहर की।

राजनर्तकी को श्राप मिला था।
उसकी एक बाँह
दूसरी बाँह से लंबी हो गई थी।

हो सकता है कि उसने कोई अपराध किया हो।

कहते हैं
उसने अपने हाथों से
उस महल की दीमक उतारने की
कोशिश की थी।

बड़ा सा-स्नान घर था शहर में
किसी को पता नहीं चला
और सूखे पानी में सब कुछ डूब गया।
खिलौने
मुहरें
नर्तकी
ज़िन्दा
मुर्दा
सभी हो गए ज़मींदोज़।

सुनती हूँ
ऑर्कियोलॉजी वाले
खुदाई कर रहे हैं
पत्थरों के शहर की।
इतिहास की गवाही लेने के लिए।


सिन्धी से अनुवाद : स्वयं कवयित्री द्वारा