भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
यह कब पता चला / शिवराम
Kavita Kosh से
हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।
तेरे दिल में जहर भरा है
यह कब पता चला
मेरे दिल का घाव भरा है
यह कब पता चला
पानी नहीं बचा आंखों में
यह कब पता चला
थोथा जीवन बचा जगत में
यह कब पता चला
दरिया नहीं है दलदल है ये
यह कब पता चला
लाल नहीं वह नीला रंग है
यह कब पता चला
गली प्रेम की बहुत तंग है
यह कब पता चला
प्रेम नहीं यह दीर्घ जंग है
यह कब पता चला
इंतज़ार किसका पल-पल है
यह कब पता चला
मैं भी संग हूँ कहा था किसने
यह कब पता चला