भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

यह निशा, यह भोर क्या है / अमरेन्द्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

यह निशा, यह भोर क्या है,
शांति क्या यह, शोर क्या है?

किसलिए बहती हंै नदियाँ
ठहरतीं, फिर सूख जातीं,
झूमती पागल हवाएँ
क्यों कभी आँसू बहातीं;
ये हरे पन्नों के पत्ते
किसलिए पुखराज होकर,
अब धरा पर सो गये हैं
यूं शिशिर में बहुत रो कर !
पुतलियाँ हो नाचते सब
नियति की वह डोर क्या है?

यह जरा, यह मृत्यु कैसी,
किस मिलन में स्वर्ग नाचे,
हार के पीछे रुदन में
जीत का मधु मंत्रा बाँचे;
आग पीने के लिए सब
इस तरह व्याकुल बने क्यों,
हँस न पाए एक चुटकी
आँसुओं के सामने क्यों !
वेदना, तृष्णा के भव से
छूटने का छोर क्या है ?