Last modified on 1 जुलाई 2020, at 11:26

ये दुनिया दीवानों की है / कमलेश द्विवेदी

ये दुनिया है आँसू की भी ये दुनिया मुस्कानों की है।
सोच-समझकर आना साथी ये दुनिया दीवानों की है।

यहाँ सदा मस्ती का आलम
मस्ती के रिश्ते-नाते हैं।
लाख ग़ैर हों मगर यहाँ पर
आकर अपने बन जाते हैं।
जो मस्ती में ख़ुद को भूलें ये ऐसे मस्तानों की है।
सोच-समझकर आना साथी ये दुनिया दीवानों की है।
क्या मिल जाता कभी शमा को
क्या परवाना ले लेता है।
वो तिल-तिल कर जल जाती है
वो भी जान लुटा देता है।
क्या है तुम्हें पता ये दुनिया ऐसे ही अफ़सानों की है।
सोच-समझकर आना साथी ये दुनिया दीवानों की है।

रहिमन कहें प्रेम की दुनिया
में बस वही निभा सकता है।
कभी ज़रूरत पड़ने पर जो
अपना शीश कटा सकता है।
जान हथेली पर जो रखते ये ऐसे नादानों की हैं।
सोच-समझकर आना साथी ये दुनिया दीवानों की है।