Last modified on 24 अगस्त 2025, at 18:46

सपने में वॉल्डेमॉर्ट / देवेश पथ सारिया

आप जानते हैं 
रॉल्फ फ़ाइंस को? 

“तुम जानते हो कौन...
वो, जिसका नाम नहीं लिया जाना चाहिए!”

हाँ वही, 
जो वॉल्डेमॉर्ट बने थे हैरी पॉटर में 
जिसे देख काँप उठती थी 
बच्चों की रूह 

रॉल्फ मुझे दिखे
वॉल्डेमॉर्ट के गेटअप में 
पर अभी  प्रविष्ट नहीं हुए थे वे
किरदार की रूह में 
उस समय, मेरे सपने में 
वे रॉल्फ फ़ाइंस ही थे 

वे कुर्सी पर बैठे हुए थे 
मैं मंडराता रहा उनके पास 
जितनी बार रॉल्फ दिखे, सहज दिखे 
अभिवादन का विनम्रता से जवाब दिया 

सपने में जब 
शूटिंग ख़त्म हुई उस दिन की 
वे घर जाने के लिए तैयार हो रहे थे 
अभी मेकअप चेहरे से हटाना था शेष 
उन्होंने मुझे देखा 
और पहचानकर अलविदा कहा 

मैंने उनसे कहा :
आप इतने अच्छे हैं रॉल्फ   
अगर कभी चुनने को कहा गया 
हैरी पॉटर और वॉल्डेमॉर्ट के बीच, 
मैं वॉल्डेमॉर्ट को वोट दूँगा 

यह सुनकर रॉल्फ 
एकदम से बेचैन हुए 
बोले :
नहीं, नहीं...
वोट हैरी को ही देना, 
हमेशा, हैरी ही को जीतना चाहिए।