भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दीपोत्सव / सुरेश विमल

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:47, 13 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश विमल |अनुवादक= |संग्रह=आमेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

1
आलोक अश्व की
वल्गा थामे
विचर रहा है
कोई अज्ञात
दिग्विजयी पुरुष
लोक में...!

चमचमा रहा है
अंधेरे का लहू
उसकी अद्भत तलवार की
नोंक में।

2
खंडहरों में भी
खिलखिला रही हैं आज
दीपशिखाएँ...!

टूट रही हैं
प्रचंड रव के साथ
अंधकार के अहम की
शिलाएँ...!

3
अद्भुत है भाई
दियों की
यह बग़ावत...

देखो देखो
अंधेरों के हाथी को
लगा रहा है अंकुश
रोशनी के
नन्हे-नन्हे महावत...!

4
अमावस की
काली चदरिया पर
बिछी हैं गोटियाँ
प्रकाश की...!

तम अविजित नहीं है
इस विश्वास की...!