भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हिंदी दोहे-5 / रूपम झा

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:11, 1 अगस्त 2018 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हर मुखड़ा मायूस है, हर दिल है नाशाद।
कुछ कुनबों के फेर में, देश हुआ बर्बाद।।

कहाँ बिताएँ रात हम, कहाँ सुखों की शाम।
यह दुनिया बाजार है, नहीं हाथ में दाम।।

जितनी ऊँची चीज है, उतना ऊँचा दाम।
वैसा उसको फल मिला, जिसका जैसा काम।।

मेरा यह संकल्प है, लिखूँ सदा जनगीत।
करूँ मित्रता आग से, रखूँ हृदय में शीत।।

हिंदी में जन्मे-पले, हम हिंदी संतान।
हम पर इसका कर्ज है, हो इसका उत्थान।।

ढूँढे से मिलते नहीं, मुझको सच्चे लोग।
इस सारे संसार को, लगा झूठ का रोग।।

परनिंदा केवल सुनें, इस कलयुग के कान।
अच्छी बातों पर नहीं, पड़ता इनका ध्यान।।

जो मेरा इतिहास है, वह तेरा इतिहास।
फिर कैसे तू हो गया, हम लोगों में खास।।

इंग्लिश पटरानी बनी, हिंदी है लाचार।
झेल रही निज देश में, सौतेला व्यवहार।।