भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कैसे कवि हो? / मणिभूषण सिंह

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:28, 14 जुलाई 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मणिभूषण सिंह |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KK...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

धरा छोड़ उड़ते हो!
कैसे कवि हो?
अपनी उपत्यक्ता पर क्षण भर भी
ठहर नहीं पाते हो!
क्या लाते हो?
 
क्यों गहन घाटियों में
रह-रह कर उतर-उतर जाते हो!
क्या पाते हो?
क्यों वैनतेय सम
अम्बर पथ पर
अभ्रखण्ड गिनते हो!
क्या चिनते हो?
 
प्रेक्षाकारी तो न हो,
किन्तु प्रेक्षण-बल तो तुमको है!
उस बल के होते हुए
मात्र कल्पक होकर
अपने यथार्थ में रंग भरा करते हो!
क्या करते हो?
 
सत्याभिधान हो!
फिर क्यों तुम सत्यानृत को गहते हो?
क्या कहते हो?
कल्पनाजन्य-मिथ्यात्व-मूढ़ हो
अपर-लोक रहते हो!
क्यों बहते हो?
किसलिए नहीं तुम भू पर ही रहते हो?
केवल व्योमदहृ सहते हो!
अहरह दह में जा दहते हो!!
सब सहते हो!!!
 
धरा छोड़ उड़ते हो!
कैसे कवि हो?
अपनी उपत्यक्ता पर क्षण भर भी
ठहर नहीं पाते हो!
क्या लाते हो?