Last modified on 16 फ़रवरी 2017, at 15:41

अगर कहीं / प्रकाश मनु

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:41, 16 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रकाश मनु |अनुवादक= |संग्रह=बच्च...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आसमान में बजे बाँसुरी
धरती सारी झूमे-गाए,
अगर कहीं ऐसा हो भाई,
सचमुच खूब मजा आ जाए!

तारे धरती पर आ जाएँ
चाँद उतर आए आँगन में,
नन्हे-नन्हे सूरज पैदा
हों पृथ्वी पर, वन-उपवन में।

पेड़ों पर पैसे लगते हों
रसगुल्ले हों डाली-डाली,
जगह-जगह नदियाँ-पर्वत हों
हो सब धरती पर हरियाली।

चंद्रलोक में पैदल जाएँ
सूर्यलोक की सैर करें हम,
वहाँ-वहाँ पर घूमें-घामें
जहाँ-जहाँ हो बढ़िया मौसम।

फूलों जैसी हों मुसकानें
नदी सरीखा हर दिल गाए,
अगर कहीं ऐसा हो भाई,
सचमुच, सबके मन को भाए!