भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अगली बार / प्रतिभा सक्सेना

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

 
पार करते हुए जब जन्मान्तरों को
पहुँच जाऊँ यहीं अगली बार!

और सुन्दर यह धरा उस बार होगी,
आज की यह कल्पना साकार होगी,
यही प्यारे दृष्य, यह कलरव खगों का
सुखद होगा रास्ता मेरे पगों का,
राग भर मन सुरभि-चंदन -
भावना अंकित यहाँ हर बार

उगे होंगे नये अंकुर नए पत्ते
स्वर अधिक कुछ पगे होंगे नेह रस से!
जान लेगा बात मन की दूसरा मन,
सँजोए नवरस महकते पुष्प के तन
चित्र-वीथी सी दिशाओं के पटों पर
जहाँ आऊँ पुनः अगली बार!