भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अपशकुनी तारे ने / रमेश रंजक

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:01, 20 जुलाई 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रमेश रंजक |संग्रह=गीत विहग उतरा / र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

धोने में बीत गया हर पल-छिन
              धुले नहीं पिछले दिन ।

एक त्रिया-हठ ऐसा बिखरा है
              बँध-बँध कर खुलता है
जब कोई दूर का, पड़ोसी का
              सम्वेदन छुलता है

आँगन को सागर करने की ज़िद
              करती है पनिहारिन ।

ऐसा भूचाल उठा है भीतर
              ढुलक रहे हैं पर्वत
रोक नहीं पातीं चन्दन बाहें
              जाने क्यों दूरागत

अपशकुनी तारे ने फेंक दिए
              मुट्ठी-भर कर दुर्दिन ।