भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आज शिशु के कवि को अनजान / सुमित्रानंदन पंत

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:39, 10 मई 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुमित्रानंदन पंत |संग्रह= गुंजन / सुमित्रानंदन …)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आज शिशु के कवि को अनजान
मिल गया अपना गान!

खोल कलियों के उर के द्वार
दे दिया उसको छबि का देश;
बजा भौरों ने मधु के तार
कह दिए भेद भरे सन्देश;
आज सोये खग को अज्ञात
स्वप्न में चौंका गई प्रभात;
गूढ़ संकेतों में हिल पात
कह रहे अस्फुट बात;
आज कवि के चिर चंचल-प्राण
पागए अपना गान!
दूर, उन खेतों के उस पार,
जहाँ तक गई नील-झंकार,
छिपा छाया-बन में सुकुमार
स्वर्ग की परियों का संसार;
वहीं, उन पेड़ों में अज्ञात
चाँद का है चाँदी का वास,
वहीं से खद्योतों के साथ
स्वप्न आते उड़-उड़ कर पास।
इन्हीं में छिपा कहीं अनजान
मिला कवि को निज गान!

रचनाकाल: जनवरी’ १९२६