उनसे प्रीत करूँ, पछताऊँ !
सोन महल लोहे का पहरा,
चारों ओर समुन्दर गहरा,
पन्थ हेरते धीरज हारूँ
उन तक पहुँच न पाऊँ ।।
प्रीत करूँ, पछताऊँ !
इन्द्र धनुष सपने सतरंगी
छलिया पाहुन छिन के संगी,
नेह लगे की पीर पुतरियन
जागूँ, चैन गवाऊँ ।
प्रीत करूँ, पछताऊँ !
दिपे चनरमा नभ दर्पन में
छाया तैरे पारद मन में,
पास न मानूँ, दूर न जानूँ
कैसे अंक जुड़ाऊँ ?
प्रीत करूँ, पछताऊँ !
उनसे प्रीत करूँ, पछताऊँ !