भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

उन सृष्टा अँगुलियों को चूम लूँ / शेखर जोशी

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:38, 16 जनवरी 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शेखर जोशी |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

डूबता रवि
घिर रही है सांझ
चित्रित गगन-आँगन !

किन अदीखी अँगुलियों ने वर्तुल सप्तरंगी अल्पना लिख दी ?
कहाँ हैं वे हाथ
कितने सुघड़ होंगे ?
(अल्पना के रंग साक्षी)
 
क्षणभर देख तो लूँ
नयन-माथे से लगा लूँ
उन सृष्टा अँगुलियों को चूम लूँ।

मैं कि जिसका भाग्य अब तक
सूने चौक, देहरी, द्वार-आँगन से बंधा है ।

शायद ये वही हों हाथ
जो धानों की हरी मखमल के किनारे
पीली गोट सरसों की बिछाते
जो धरा पर सप्तवर्णी बीज-रंगों अल्पना लिखते
जो धरा पर सप्तरंगी फूल-रंगों अल्पना लिखते
जो धरा पर सप्तगंधी अन्नरंगों अल्पना लिखते
आहï! कितने सुघड़ होंगे
पात-पल्लव-अन्न साक्षी

नयन माथे से लगा लूँ
उन सृष्टा अँगुलियों को चूम लूँ ।