भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक अँजुरी धूप / यतींद्रनाथ राही

Kavita Kosh से
Arti Singh (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 04:52, 6 दिसम्बर 2021 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक अँजुरी धूप आँगन
भर गया उल्लास
एक पँखुरी मुस्कराई
लिख गयी मधुमास।

लहर मचली
ज्वार उमड़े
एक आहट पाँव
चाँदनी में घुल गयी वह
एक क्षण की छाँव
एक पल की बात गूँगी
कल्पशत आभास।

एक क्षण
स्पर्श कोमल
बज उठे तन-तन्त्र
एक स्वर वंशी निनादित
सोम का अभिमन्त्र
एक झुकते पलक
सिमटे
आक्षितिज आकाश।

एक शब्दातीत विस्मृति
पलक भर संयोग
एक क्षण का डूबना
सौ जन्म का सुख-भोग
एक
अमृत बूँद पावन
मुक्ति का विश्वास।