Last modified on 12 अप्रैल 2018, at 17:10

किसने बजाई बंसरी! / रामेश्वरलाल खंडेलवाल 'तरुण'

किसने बजाई बंसरी!
बरसात की इस रात में मेरी व्यथा कर दी हरी!
किसने बजाई बंसरी!

स्वर-कुंज में मुझको भला,
थपकी लगा, सुख से सुला,
गठरी पुराने प्यार की, दी खोल मोती से भरी!
किसने बजाई बंसरी!

भीनी सुगंधों से बसे-
रोमिल-सलोने चित्र से-
कितने बहाती ला रही, सुधि-निर्झरी, रस की भरी!
किसने बजाई बंसरी!

यह रागिनी युग-युग चले,
गीली रुई-सा मन जले!
रे, प्राण ले कर ही रहेगी, रात की रानी, मरी!
किसने बजाई बंसरी!

बरसात की इस रात में मेरी व्यथा कर दी हरी!
किसने बजाई बंसरी!