भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

किसे दिखाऊँ जख़्म हृदय का गहरा-गहरा है / डी. एम. मिश्र

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:41, 23 अगस्त 2017 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

किसे दिखाऊँ जख़्म हृदय का गहरा-गहरा है
तिनका-तिनका जीवन वह भी बिखरा-बिखरा है।

नदी सूखकर केवल बालू-बालू बची हुई
रहा शेष इक चेहरा वह भी उतरा-उतरा है।

किसके आगे रोऊँ जाकर किससे गिला करूँ
मेरे लिए तो जग सारा ये बहरा-बहरा है।

लोग यहाँ के यारो घोड़ा बेच के सोते हैं
चोर ले गये दौलत सारी पहरा-पहरा है।

बड़ी-बडी उम्मीदें चंद पलों में टूट गयीं
कहाँ खिलाऊँ फूल यहाँ तो सहरा-सहरा है।