Last modified on 4 अक्टूबर 2015, at 01:12

क्या करते भगवान जी / किशोरकुमार कौशल

Anupama Pathak (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:12, 4 अक्टूबर 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=किशोरकुमार कौशल |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

पापा जरा बताना मुझको,
क्या करते भगवान जी?

दूध कहाँ से लाते हैं वे,
क्या पाली है भैंस जी?
रोटी कहाँ पकाते हैं वे,
क्या ले ली है गैस जी?
कहाँ सिलैंडर भरवाते हैं
कहाँ उगाते धान जी?

क्या उनके घर में भी बच्चे,
करते रहते शोर जी?
क्या उनकी बातें सुनकर वे,
हो जाते हैं बोर जी?
दफ्तर में जाते हैं वे,
या खोली कहीं दुकान जी?

क्या ऊपर भी धुआँ-धुआँ है,
चलती है बस कार जी,
लाउड स्पीकर शाम सवेरे
बजते हैं बेकार जी?
कहीं किराए पर रहते,
या अपना बना मकान जी?