भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

क्या खोया क्या पाया? / सांध्य के ये गीत लो / यतींद्रनाथ राही

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:44, 10 दिसम्बर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=यतींद्रनाथ राही |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बैठा एक डाल पर पाँखी
सारी रात
बहुत रोया है।

अभी कुछ दिनों
इस झुरमुट में
सोहर थी
कुहकन चिहुकन थी
डाल-डाल पर
पात-पात में
ममतामयी
एक पुलकन थी
गीत-नृत्य थे
शहनाई थी
रंजित भोर, साँझ सपनीली
सोम ढोलती श्वेत चाँदनी
महकी हुई रात झबरीली
पर अब जैसे
बँधी मुट्ठियों
कोई बड़ा सत्य खोया है।
पंख खोल
उड़ गए चेंटुये
दूर क्षितिज के किसी छोर पर
छोड़ गए
अँजुरी भर आँसू
पलकों की
प्यासी किनोर पर
पंखों में ममता की ऊष्मा
प्राणों में जीवन की धड़कन
तिनका-तिनका बुने नीड़ की
नियति हुई है
बिखरन-बिखरन
पाँखी तो है विहग
दर्द यह
मानव ने ढोया है।

भटक रहा मन परछायीं को
अंधियारों से भरी डगर पर
धरा बहुत छोटी है उनको
और हमें अब दुर्लभ अम्बर
दोनों और ध्रुवों की दूरी
कैसे पास-पास अब लाएँ
परवशता के महासत्य को
और कहाँ तक हम झुठलाएँ
वही काटने को मिलता है
अब तक जो
हमने बोया है।