Last modified on 16 फ़रवरी 2017, at 14:44

क्या होता कंप्यूटर जी? / प्रकाश मनु

क्या होता कंप्यूटर पापा,
क्या होता कंप्यूटर जी?

यह डिब्बा है जादू वाला
जिसमें जादूगरी भरी है,
बिना पंख के जो उड़ती है
कंप्यूटर एक सोनपरी है।
कोई ना जिसको कर पाए,
उसको करता कंप्यूटर जी!

कंप्यूटर पर चित्र बनाओ
मनमर्जी के रंग लगाओ,
चाहो तो सब उलट-पुलटकर
अपनी दुनिया नई बसाओ।
सबको खूब हँसता रहता,
पढ़ा-लिखा यह जोकर जी!

हार्डवेयर इसका शरीर है
सॉफ्टवेयर इसका दिल है,
धरती पर रहता है लेकिन
आसमान इसकी मंजिल है।
कहता-मेरे संग-संग उड़ लो,
खा लो थोड़ा चक्कर जी!