भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

खुरचन / प्रतिभा किरण

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:45, 20 जून 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रतिभा किरण |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KK...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

लड़कियाँ जिन्होंने लिखनी चाही कविताएँ
जिनके हाथों में कलम-किताब के बजाय
थमा दिया गया झाड़ू और पोछा का कपड़ा

उन्होंने शब्दों में उकेरी सबसे ज्यादा वास्तविकतायें
छी: छी:, एह्हें, कपड़े की तह किसने बिगाड़ी
कलमुहा कहीं का, धत्त तेरी की

लड़कियाँ जिनके हिस्से में आयीं कलम-किताब और आघातें
लिख डाला भर-भर के पन्ना अपना दु:ख

लड़कियाँ जिनके हिस्से में आयीं
केवल आघातें और झाड़ू-पोछा
छौंक दिया दाल जीरा, मिर्च, लहसुन और क्रोध से

पटक दिया एक दिन जमीन पर दाल का बर्तन
सुना दिया महरी को खरी-खोटी
लड़कियों ने उस दिन जले दाल के बर्तन में
महरी को कविता खुरच के दिखाई