Last modified on 15 अक्टूबर 2017, at 16:26

गाँव जाने से / मनोज जैन 'मधुर'

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:26, 15 अक्टूबर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मनोज जैन 'मधुर' |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

गाँव जाने से
मुकरता है
हमारा मन।
नेह की जड़
काटती
रेखा विभाजन की।
प्यार घर का
बाँटती
दीवार आँगन की।
द्वार-दर्पण में
झलकता
है परायापन।
पाट चकिया -सा
हुआ है
गाँव का मुखिया।
और पिसने
के लिए
तैयार है सुखिया।
सूखकर काँटा
हुआ है
झोपड़ी का तन।
हम हुए हैं
डाल से चूके
हुए लँगूर।
है नियति
जलना धधकना
मन हुआ तंदूर।
मारतीं है
पीठ पर
सुधियाँ निरंतर घन।
गाँव जाने से
मुकरता है
हमारा मन।