भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

छोटे परदे पर / रामानुज त्रिपाठी

Kavita Kosh से
Anupama Pathak (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:53, 5 अक्टूबर 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामानुज त्रिपाठी |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

यह है अपना टी.वी.,
इसके छोटे परदे पर-
कभी दिखाई देते जंगल
कभी दिखाई देते खेत,
कभी दिखता बड़ा मरुस्थल
दूर-दूर तक फैली रेत!
कभी समंदर लहराता है
नदियाँ बहती हैं हर-हर!

इस पर कभी अचानक
बाघ छलाँगें भरता है,
जिससे गैंडा, हिरन आदि का
झुंड बहुत ही डरता है।
कभी रेंगता है बिच्छू तो
साँप सरकता है सर-सर!

मुँह फैलाए खड़ा सामने
शेर कभी गुर्राता है,
आगे बढ़ता जब, तब लगता
पास हमारे आता है।
यह डरावना दृश्य देखकर
हम तो सहसा जाते डर।

पेड़ों की शाखाओं पर फिर
चिड़ियाँ चूँ-चूँ करती हैं,
उड़-उड़कर वे नीलगगन में
हम सबका मन हरती हैं।
देख-देख टी.वी. पर यह सब
मन खुशियों से जाता भर!