भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जामुन चूती है / हरिवंशराय बच्चन

Kavita Kosh से
Tusharmj (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:42, 11 जून 2011 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=हरिवंशराय बच्चन }} अब गाँवों में घर-घर शोर :::कि ज…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।


सावन में बदली

अंबर में मचली,

भीगी-भीगी होती भोर

कि जामुन चूती है।

अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।


मधु की पिटारी

भौंरे सी कारी,

बागों में पैठें न चोर

कि जामुन चूती है।

अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।


झुक-झुक बिने जा,

सौ-सौ गिने जा,

क्‍या है कमर में न ज़ोर

कि जामुन चूती है?

अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।


डालों पे चढ़कर,

हिम्‍मत से बढ़कर,

मेरे बीरन, झकझोर

कि जामुन चूती है।

अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।


रस के कटोरे

दुनिया के बटोरे,

रस बरसे सब ओर

कि जामुन चूती है।

अब गाँवों में घर-घर शोर

कि जामुन चूती है।