Last modified on 21 अक्टूबर 2019, at 00:23

जिन चरणन चित लागा मोरा / उर्मिल सत्यभूषण

जिन चरणन चित्त लागा मोरा
दिल का हीरा माँगा मोरा
चुन-चुन कलियाँ माला में गूंथे
दीठ का सुई धागा मोरा
ललकी लहरें चंदा छूने
सोया सागर जागा मोरा
किसके हाथ संदेशा भेजूं
उड़-उड़ जाये कागा मोरा
उसकी लगन में ऐसी खोई
इच्छा मृग कित भागा मोरा
अनहद घुन पर रीझत नाचत
प्रेम सुधा उर पागा मोरा