भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

झूठ बोलो / कौशल किशोर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

झूठ बोलो, झूठ बोलो!

आँखें नचा-नचा के बोलो
मुँह बिरा-बिरा के बोलो
उनको चिढ़ा-चिढ़ा के बोलो
साफा उड़ा-उड़ा के बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

शब्दों को चबा-चबा के बोलो
बातों को रेघा-रेघा के बोलो
किस्से बना-बना के बोलो
सच की हवा उड़ा के बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

राम-राम पर बोलो
गाँधी नाम पर बोलो
सबके साथ पर बोलो
विकास राग पर बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

देश में बोलो, विदेश में बोलो
हर भेष में बोलो
सभा में बोलो, सोसायटी में बोलो
हर वेरायटी में बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

नोट पर बोलो, वोट पर बोलो
चाय पर बोलो, वाय पर बोलो
स्ट्राइक पर बोलो, स्कैम पर बोलो
गरीबी पर बोलो, फकीरी पर बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

बन्दर नाई उछल-उछल के बोलो
बन्दरिया नाई ठुमक-ठुमक के बोलो
मदारी बन खेल दिखाओ
नाचो, गाओ, शोर मचाओ
ड्रम पर बोलो, श्रम पर बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

कमर हिला-हिला के बोलो
सीना फुला-फुला के बोलो
ताली बजा-बजा के बोलो
गर्दन घुमा-घुमा के बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

भारत छोड़ो बोलो
भारत जोड़ो बोलो
अन्दर तोड़ो, अन्दर फोड़ो
बाहर सबको गले लगाओ बोलो
हंस के बोलो, धस के बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

व्यग्र हूँ, बेसब्र हूँ
अधीर हूँ, आतुर हूँ
बेचैन हूँ, व्याकुल हूँ
रुकना नहीं, झुकना नहीं
आगे बढ़ते जाना है
सब पर रोब जमाना है
सबको मजा चखाना है
बोलो, बोलो, खूब बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

मन में लक्ष्य लिये
मंजिल प्रत्यक्ष लिये
तोड़ रहे जंजीरें
बदल रहे तस्वीरें
एक सूर्य उगाना है
भारत नया बनाना है
उनको धूल चटाना है
लाल किले पर अपना
धर्म घ्वज फहराना है
यह भी बोलो, वह भी बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

आगे से बोलो, पीछे से बोलो
इधर से बोलो, उधर से बोलो
ऊपर से बोलो, नीचे से बोलो
ऐसे बोलो, वैसे बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

सबसे आगे बढ़कर बोलो
सब पर चढ़कर बोलो
इतना बोलो, उतना बोलो
लहर-लहर लहराकर बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!

झूठ सब, सबको भरमाए
झूठ सब, सब पर छा जाए
झूठ सब, सच हो जाए
झूठ सब, सच कहलाए
हाँ, हाँ, बोलो, हाँ, हाँ बोलो
झूठ बोलो, झूठ बोलो!