भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दिल में अंगार जले / 'सज्जन' धर्मेन्द्र

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:46, 21 जनवरी 2019 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मेघ बजे
हवा चले
दिल में अंगार जले

धनुष-गगन
बूँद-तीर
मन्मथ तन रहा चीर
मन होता है अधीर
पोर-पोर बढ़े पीर
सन-सन पछियाँव बहे
विरही मन आज दहे

ज्यों सूरज गले मिले

अमवा झुक झूम-झूम
महुआ मुख रहा चूम
भीग रहे उभय गात
पुलकित हैं पात-पात
झर-झर-झर प्रेम झरे
चरर-मरर जिया करे

देख-देख बाँस जले

जवाँ हुये नदी नार
मिट्टी से मची रार
कट-कट गिरता कगार
बंधन सब गये हार
धारा से मिली धार
दरिया ने किया प्यार

जात-पाँत हाथ मले