Last modified on 19 दिसम्बर 2019, at 14:00

दुहरापन जीते हैं / गरिमा सक्सेना

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:00, 19 दिसम्बर 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गरिमा सक्सेना |अनुवादक= |संग्रह=ह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

झेल रही है
नयी सदी यह
मन-मन की संवादहीनता

मन पर हावी हैं इच्छाएँ
अस्त-व्यस्त ये दिनचर्याएँ

छीन रही है
सुख का अनुभव
जीवन की संवादहीनता

आभासी दुनिया के नाते
पल में आते, पल में जाते

दिल से दिल को
जोड़ न पाती
धड़कन की संवादहीनता

कैसा दुहरापन जीते हैं
संबंधों से हम रीते हैं

बाँट रही
मन के आँगन को
आँगन की संवादहीनता