भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

द्वंद में रोया हुआ पंछी / अंकित काव्यांश

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:44, 7 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अंकित काव्यांश |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

डालियों के
द्वंद में रोया हुआ पंछी,
कोपलों के आगमन पर क्रुद्ध होता है।

एक दिन था जब
यही जंगल उसे अच्छा लगा था,
एक दिन था जब यहाँ हर पल उसे अच्छा लगा था।

एक दिन था जब
उड़ानों का यही आधार था बस,
तब हमेशा पंख पर बादल उसे अच्छा लगा था।

बरगदों की
छाँह को ढोया हुआ पंछी,
बादलों के स्याह तन पर क्रुद्ध होता है।

राम जाने
किस दिशा से आ गयीं कैसी हवाएँ?
स्वर्ण मृग की ओर झुकती ही गयीं सारी लताएँ।

थक गया है
कण्ठ में प्रतिरोध भर-भरकर यहाँ वह,
बहुत संभव है कि अब वह तोड़ दे सारी प्रथाएँ।

चीखने में
स्वर सभी खोया हुआ पंछी,
कोयलों के हर वचन पर क्रुद्ध होता है।