Last modified on 16 फ़रवरी 2017, at 14:49

नए साल पर / प्रकाश मनु

नए साल पर,
पापा, लाना नया कलेंडर!

नया कलेंडर जिसमें बढ़िया-
बढ़िया चित्र बने हों,
खिल-खिल झरने, नदियाँ, पर्वत
मन के मित्र बने हों।
उसे देख बासीपन भागे
भागे पिछला वैर,
रंगभरी सपनों की चिड़िया
आए फर-फर-फर!

नए साल पर पापा, लाना
नया कलेंडर!

नया कलेंडर हो वह पापा
खुशबू की फुलवारी-सा,
बेला, जूही, हरसिंगार हो
या गुलाब की क्यारी-सा।

नए साल की लिए बधाई
नए साल की खुशियाँ,
फूल-फूल पर उड़ती हो
एक तितली इधर-उधर!

नए साल पर पापा, लाना
वही कलेंडर!

नया कलेंडर नए खजानों
की चाबी बन जाए,
कुछ करने की, कुछ बनने की
मन में चाह जगाए।
ऐसा ही बस, ऐसा ही इक
प्यारा नया कलेंडर,
लेकर आना जिसमें सपने
करते जगर-मगर!
नए साल पर,
पापा, लाना नया कलेंडर!